हाईवे किनारे बैठा दिखा बाघ, वीडियो बनाने के लिए कार सवार पहुंचे बेहद करीब; बाघ के आक्रामक होते ही मचा हड़कंप

उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र में घुनघुटी-शहडोल हाईवे का मामला, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो

जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र अंतर्गत घुनघुटी-शहडोल हाईवे पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक बाघ बैठा नजर आया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिसके कारण यहां बाघों का दिखाई देना कोई असामान्य बात नहीं है।

बताया जा रहा है कि हाईवे किनारे बाघ को बैठा देखकर राहगीरों और कार सवारों ने अपने वाहन रोक दिए। इसके बाद कई लोग वन्यजीव सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज करते हुए बाघ के बेहद करीब पहुंचकर वीडियो बनाने लगे।

लोगों की हरकत से आक्रामक हुआ बाघ

वीडियो बनाने के लिए लोगों को लगातार अपने आसपास देखकर बाघ सतर्क और आक्रामक नजर आने लगा। इसी दौरान बाघ ने कार की ओर घूरते हुए अपना मुंह खोला और आक्रामक प्रतिक्रिया दिखाई, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थिति को देखते हुए लोगों को अपनी गलती का एहसास हुआ और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की जरूरत

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्रों में अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही होती रहती है। ऐसे में सड़क पर या सड़क किनारे किसी बाघ अथवा अन्य जंगली जानवर के दिखाई देने पर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और वाहन से उतरकर या जानवर के करीब जाकर वीडियो बनाने जैसी हरकतों से बचना चाहिए।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, बाघ को घेरने या उसके बेहद करीब पहुंचने से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर सकता है और ऐसी स्थिति में हमला भी कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *