उमरिया में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 25 लीटर हाथभट्टी शराब और 690 किलो महुआ लाहन जब्त
अवैध शराब के खिलाफ अभियान में जिले के कई गांवों में दबिश, 14 प्रकरण दर्ज
जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर राखी सहाय के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी ममता अहिरवार के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त मानपुर एवं नौरोजाबाद की टीमों ने विभिन्न गांवों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में हाथभट्टी शराब और महुआ लाहन बरामद किया।

अभियान के दौरान आबकारी टीम ने ताला, चिल्हारी, महरोई, खेरवा, पलझा, देवगवां, बंधवाटोला और चंगेरा सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 25 लीटर हाथभट्टी मदिरा और 690 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 72 हजार 750 रुपये बताई गई है।
14 प्रकरण दर्ज
अवैध मदिरा के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 14 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों को विवेचना में लेकर विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब कारोबार पर विभाग की नजर
आबकारी विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। विभागीय टीमों द्वारा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक पिंकी हिन्दूजा और आबकारी उपनिरीक्षक अमितेष सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक अवध प्रताप सिंह बघेल, आबकारी आरक्षक विद्या सिंह, राजपति प्रजापति और अंजलि गौतम शामिल रहे।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
