बांधवगढ़ में जंगली सूअर का अवैध शिकार: पांच आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय से जेल भेजे गए

मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी गांव के पटपरहा टोला में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिजौरी के पटपरहा टोला में जंगली सूअर के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत याचिका निरस्त होने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिजौरी गांव के पटपरहा टोला क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा जंगली सूअर का अवैध शिकार किया गया है और उसके मांस को पकाने की तैयारी की जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर अंकित सोनी के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मामले से जुड़े आरोपियों को पकड़ा गया और प्रकरण की जांच शुरू की गई।

मौके से पकाया हुआ मांस और शिकार में प्रयुक्त सामग्री बरामद

वन विभाग द्वारा मौके की तलाशी लेने पर पकाया हुआ मांस, हंसिया, कढ़ाई, अन्य बर्तन तथा खून लगी हुई बोरी सहित कई महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई। सभी सामग्री को जब्त कर प्रकरण में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है।

वन विभाग की जांच और पूछताछ के बाद इस मामले में विनोद बैगा, प्रेमलाल बैगा, छल्लु बैगा, उधेलाल बैगा एवं मुकेश चौधरी को आरोपी बनाया गया।

प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी पांच आरोपियों को सोमवार को मानपुर न्यायालय के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने आरोपियों की जमानत याचिका निरस्त कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई को सफल बनाने में अंकित सोनी, वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर, सुनील ठाकुर वनपाल, भाईलाल सिंह उप वनक्षेत्रपाल, तेजलाल बैगा वनरक्षक, विक्रम सिंह सिकरवार, प्रदीप सिंह, सत्येंद्र सिंह, राजीव रंजन वर्मा, कपिल विश्वकर्मा, सूर्यभान सिंह, अनिता दहायत, शीला प्रजापति सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *