आबादी के बीच पहुंचा मगरमच्छ, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सोन नदी में छोड़ा
नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 1 अंतर्गत ग्राम सेमरा में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। मगरमच्छ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग को इसकी जानकारी मिली। सूचना मिलते ही विभाग ने तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद बेहद सावधानी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने फेंसिंग जाली की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से कवर किया और काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया। इसके बाद मगरमच्छ को सुरक्षित वाहन में रखा गया और बल्हौड़ स्थित सोन नदी ले जाया गया, जहां उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वनकर्मियों की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा
आबादी के बीच मगरमच्छ की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल था। हालांकि वन विभाग की टीम ने बिना किसी अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक रेस्क्यू पूरा कर लिया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने धैर्य और सावधानी के साथ काम करते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाया।
रेस्क्यू अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर अंकित सोनी, सुनील ठाकुर, विक्रम सिकरवार, राजीव रंजन वर्मा, प्रदीप सिंह, अरुण प्रजापति, पप्पू वर्मा, ओम प्रकाश सिंह, नागेश्वर सिंह सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
रेस्क्यू के दौरान सुरक्षा उपकरणों की कमी पर सवाल
मगरमच्छ जैसे खतरनाक वन्यजीव का रेस्क्यू बेहद जोखिम भरा माना जाता है। अभियान के दौरान वनकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों की कमी को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
ऐसे अभियानों में कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भविष्य में इस तरह के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम को आवश्यक सुरक्षा उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराए जाने की जरूरत है, ताकि वन्यजीवों को सुरक्षित बचाने के साथ-साथ रेस्क्यू टीम की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल मगरमच्छ को सोन नदी में सुरक्षित छोड़ दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
