तेज बारिश के बीच SDRF ने प्रसूता को सुरक्षित नाला पार कराया, अस्पताल में दिया बेटी को जन्म

जिले में 16 अगस्त की सुबह हुई तेज बारिश के बीच एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के दौरान बड़ा हादसा टल गया। उमरिया शहर के वार्ड नंबर 13, कजमूनिया निवासी संगीता रजक, पति अमित रजक को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस महिला को लेने पहुंची, लेकिन चपहा नाले में तेज बहाव के कारण आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।

बारिश के चलते नाले का पानी पुल के ऊपर से तेज गति से बह रहा था। स्थिति की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक राहुल साहू के नेतृत्व में चार जवानों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और अंधेरे के बीच जवानों ने सावधानीपूर्वक प्रसूता को सुरक्षित नाला पार कराया

नाला पार कराने के बाद महिला को दूसरी ओर मौजूद 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद संगीता ने एक बेटी को जन्म दिया। फिलहाल मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

चार जवानों के साथ मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक

SDRF के उप निरीक्षक राहुल साहू ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। नाले में पानी का बहाव काफी तेज था और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में चार जवान शामिल थे और सभी ने पूरी सावधानी के साथ प्रसूता को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

SDRF की तत्परता और जवानों की सूझबूझ से समय रहते प्रसूता को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका, जहां उसने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। इस घटना ने एक बार फिर आपदा की स्थिति में SDRF की तत्परता और मानवीय जिम्मेदारी को सामने रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *