नए घर को देखने गई महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, बेटी ने जताया संदेह
उमरिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पोल नंबर 976/36N की घटना; मृतका की बेटी ने निष्पक्ष जांच की मांग की, रेलवे पुलिस जुटी जांच में
जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार रात एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रेलवे पोल नंबर 976/36N के पास की बताई जा रही है। मृतका की पहचान अनुराधा देवी धुर्वे, पति अशोक सिंह धुर्वे के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
नए घर को देखने गई थीं अनुराधा देवी
मृतका की बेटी मूर्ति सिंह धुर्वे के अनुसार, उनकी मां बुधवार शाम झाड़ू मोहल्ले में बने अपने नए घर को देखने गई थीं। रात करीब 8:30 बजे फोन पर उनकी मां से बातचीत भी हुई थी। इस दौरान अनुराधा देवी ने बताया था कि वह रेलवे लाइन के पास हैं और घर लौट रही हैं।

इसके बाद बेटी ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रात अधिक होने के कारण वह मां को तलाशने के लिए बाहर नहीं निकल सकी। परिवार को लगा कि संभवत: अनुराधा देवी अपने नए घर में ही रुक गई होंगी, क्योंकि वह पहले भी कभी-कभी वहां रुक जाती थीं। सुबह महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
जिला अस्पताल में प्राइवेट स्टाफ नर्स थीं
परिजनों के मुताबिक अनुराधा देवी जिला अस्पताल में प्राइवेट स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं। उनके पति काम के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। मृतका का मूल निवास अनूपपुर जिले के ग्राम पोड़की में बताया गया है।
मां को लेकर बेटी ने जताया संदेह
मृतका की बेटी ने पुलिस के सामने एक अन्य मामले को लेकर भी संदेह जाहिर किया है। उसके अनुसार मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने उसकी मां के नाम पर लोन लिया था, जिसकी किस्तें जमा नहीं की जा रही थीं। इसको लेकर अनुराधा देवी काफी परेशान रहती थीं।
बेटी के मुताबिक कुछ दिन पहले इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। विवाद के दौरान अनुराधा देवी ने 112 पर कॉल किया था, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराया था।
इसी घटनाक्रम को देखते हुए बेटी ने अपनी मां की मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। हालांकि प्रथम दृष्टया महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, लेकिन घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रेलवे पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। महिला रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचीं और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे।
