हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंचेगा प्रशासन मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उमरिया में शुभारंभ, गांवों में पहुंचकर अधिकारियों ने जानी जमीनी हकीकत

शासन की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का जिले में शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार अधिकारी गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं की स्थिति, शासकीय संस्थाओं और जनसमस्याओं की जमीनी हकीकत जानेंगे।

पहले दिन कलेक्टर राखी सहाय, जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह और डीएफओ विवेक सिंह सहित अधिकारियों ने 12 गांवों एवं दो शहरी वार्डों का भ्रमण किया। बरही में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर निराकरण किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का तीन दिन के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, उचित मूल्य दुकान, नल-जल योजना, गौशाला और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। लंबे समय से बंद उप स्वास्थ्य केंद्र को शुरू कराने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। लापरवाही पर समग्र सुरक्षा विस्तार अधिकारी के निलंबन के निर्देश भी दिए गए।

अभियान के दौरान बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन अब हर शुक्रवार सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *