ब्यौहारी पुलिस का रेत माफियाओं पर शिकंजा ! थाने ले जाते समय भागे दो ट्रैक्टर, पुलिस ने पीछा कर फिर दबोचा
अवैध रेत खनन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दोनों ट्रैक्टर जब्त; खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जिले शहडोल में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ ब्यौहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस के कब्जे से बचने के लिए दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और दोनों ट्रैक्टरों को दोबारा पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, बीती रात ब्यौहारी थाना पुलिस को नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत खनन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो ट्रैक्टरों में अवैध रूप से रेत भरी जा रही थी। पुलिस को देखते ही मौके पर खनन में लगे मजदूर भाग निकले, जबकि दोनों ट्रैक्टर चालक भी पुलिस को चकमा देकर वाहन लेकर फरार होने का प्रयास करने लगे।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया और उन्हें जब्ती की कार्रवाई के लिए थाने ले जाने लगी। इसी दौरान रास्ते में दोनों चालकों ने एक बार फिर ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने बिना देर किए उनका पीछा शुरू किया और कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को फिर से पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। मामले में खनिज अधिनियम एवं रेत चोरी से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कपिल तिवारी, आरक्षक अभिषेक तिवारी और आरक्षक विवेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता के चलते अवैध रेत परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों ट्रैक्टरों को जब्त किया जा सका। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
