उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी अंतर्गत आने वाले मझगंवा गांव में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक कुएं से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर जांच प्रक्रिया शुरू की।

मृतक की पहचान सिद्धार्थ मिश्रा 22 , पिता हरिहर प्रसाद मिश्रा , निवासी मझगंवा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सिद्धार्थ पिछले एक दिन से लापता था। उसकी तलाश लगातार की जा रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। देर रात ग्रामीणों ने कुएं में शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। परिजनों का आरोप है कि सिद्धार्थ की हत्या कर शव को पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कुएं में फेंका गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
जांच टीम मृतक के परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी एकत्र कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत के कारणों को लेकर किसी भी तरह का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जांच में हत्या, आत्महत्या और दुर्घटना—तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
