बांधवगढ़ में बुजुर्ग तेंदुए का रेस्क्यू: घिसे दांत और कमजोर शरीर के चलते जंगल में संघर्ष कर रहा था 10 वर्षीय नर तेंदुआ

kamlesh Yadav। Umaria

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मगधी परिक्षेत्र में वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने लगभग 10 वर्षीय एक कमजोर नर तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। गश्त के दौरान वनकर्मियों की नजर तेंदुए पर पड़ी, जो अत्यधिक कमजोर हालत में जंगल में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में उसके दांत बुरी तरह घिसे हुए पाए गए, जिससे वह शिकार करने में असमर्थ हो गया था और लगातार कुपोषण का शिकार हो रहा था।

वन विभाग ने तत्काल चिकित्सकीय टीम को मौके पर बुलाकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उपचार के लिए वन्यजीव चिकित्सालय भेजा। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। विशेषज्ञों के अनुसार अधिक उम्र होने के कारण उसके दांत घिस चुके हैं, जिससे जंगल में प्राकृतिक रूप से शिकार करना कठिन हो गया और उसका स्वास्थ्य तेजी से गिरने लगा। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन का कहना है कि तेंदुए की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यक उपचार और पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा स्वास्थ्य में सुधार होने पर विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि उम्रदराज़ बड़े मांसाहारी जीवों में इस प्रकार की स्थिति असामान्य नहीं होती। दांत घिस जाने से शिकार करने की क्षमता प्रभावित होती है, जिसके कारण वे कमजोर पड़ जाते हैं और कई बार उन्हें मानवीय हस्तक्षेप के जरिए बचाना आवश्यक हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *