मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से वन्यजीव संरक्षण की एक बड़ी और शानदार खबर सामने आई है। तकनीकी खराबी के कारण रेडियो कॉलर बंद होने से कई दिनों से लापता चल रही एक कॉलर वाली मादा बाघिन को वन विभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू के बाद सुरक्षित खोज निकाला है।
धमोखर बफर जोन के बरबसपुर बीट में चलाए गए इस हाई-प्रोफाइल सर्च ऑपरेशन में ट्रैप कैमरों, आधुनिक वीएचएफ उपकरणों और लक्ष्मण, सूर्या, रामा और श्याम नामक प्रशिक्षित हाथियों ने अहम भूमिका निभाई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्रीमती स्मिता राजौरा और क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय के कुशल मार्गदर्शन तथा 63 अधिकारियों-कर्मचारियों की मुस्तैदी से बाघिन अपने होम रेंज में पूरी तरह स्वस्थ मिली। इसके बाद भोपाल मुख्यालय की अनुमति और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में उसे सुरक्षित ट्रेंकुलाइज कर पुराना खराब रेडियो कॉलर हटा दिया गया है और मादा बाघिन को उसके प्राकृतिक आवास में सकुशल विचरण के लिए वापस छोड़ दिया गया है।
