मछली पकड़ने नदी में डाला बिजली का तार, करंट से युवक की मौत; दोस्तों ने शव दफना दिया
मछली पकड़ने के लिए नदी में बिजली का तार डालना तीन दोस्तों के लिए जानलेवा साबित हुआ। करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दोस्त की मौत से घबराए साथियों ने पुलिस या परिजनों को सूचना देने के बजाय शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया और मौके से फरार हो गए। कई दिनों तक युवक के लापता रहने के बाद पुलिस की जांच और ग्रामीण की सतर्कता से मामले का खुलासा हुआ।

मछली पकड़ने और पार्टी की थी योजना
मामला उमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मगरघरा का है। एसडीओपी पीएल परस्ते के मुताबिक, तीनों दोस्त मछली पकड़ने और इसके बाद पार्टी करने की योजना बनाकर घर से निकले थे। मछली पकड़ने के लिए उन्होंने नदी के पानी में बिजली का तार डालने का खतरनाक तरीका अपनाया।
इसी दौरान बिजली का तार पानी में डालते ही एक युवक करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से दोनों साथी घबरा गए और उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस अथवा मृतक के परिवार को देने के बजाय घटना को छिपाने का फैसला किया।
नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफनाया शव
दोनों युवकों ने नदी के पास ही गड्ढा खोदा और मृतक के शव को उसमें दफना दिया। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। इधर, युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद परिजनों ने उमरिया थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की तलाश शुरू की और उसके दोस्तों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की।
गीली मिट्टी ने खोला राज
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध स्थान के बारे में जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि नदी किनारे गीली मिट्टी और जमीन की असामान्य स्थिति देखकर एक ग्रामीण को शक हुआ। उसे आशंका हुई कि वहां कुछ छिपाया गया है। ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान मिट्टी के नीचे से युवक का शव बरामद होते ही पूरे मामले का खुलासा हो गया।
दोस्तों ने छिपाई थी मौत की सच्चाई
एसडीओपी पीएल परस्ते ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मछली पकड़ने के लिए नदी में बिजली का तार डालने के दौरान युवक करंट की चपेट में आया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया था।
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
