कलेक्टर के निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल, आरोग्य मंदिर में मरीज को नहीं मिला टिटनेस का इंजेक्शन

मालाचुआ गांव में महिला को दवा और इंजेक्शन के लिए बाहर भेजने की शिकायत, कलेक्टर राखी सहाय ने जताई नाराजगी; तीन एएनएम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश 

ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को गांव स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच पाली विकासखंड के मालाचुआ गांव स्थित आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां उपचार कराने पहुंची एक महिला को टिटनेस का इंजेक्शन और जरूरी दवाइयां तक उपलब्ध नहीं हो सकीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला को इंजेक्शन बाहर से खरीदकर लाने के लिए कह दिया।

मामला उस समय सामने आया, जब उमरिया कलेक्टर राखी सहाय निरीक्षण के दौरान मालाचुआ स्थित आरोग्य मंदिर पहुंचीं। इसी दौरान महिला ने कलेक्टर को अपनी परेशानी बताते हुए शिकायत की कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक इंजेक्शन और दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। उसे टिटनेस का इंजेक्शन लगवाने के लिए बाहर से खरीदकर लाने को कहा गया।

महिला की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। स्थिति से नाराज कलेक्टर ने स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

तीन एएनएम के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही पर कलेक्टर राखी सहाय ने तीन एएनएम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयां और जीवनरक्षक इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने तथा मरीजों को समय पर उपचार देने के निर्देश भी दिए।

पशु चिकित्सा विभाग में भी मिली लापरवाही

कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि पशु चिकित्सा विभाग में भी अनियमितताएं और लापरवाही सामने आई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार करने और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में संचालित आरोग्य मंदिरों से उन्हें स्थानीय स्तर पर ही उपचार और दवाइयां मिलने की उम्मीद रहती है। ऐसे में जरूरी इंजेक्शन तक उपलब्ध नहीं होना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *